छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां अतिक्रमण हटाने पहुँची प्रशासनिक टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान हालात अचानक तनावपूर्ण हो गए और पथराव की घटना से अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई।
मामला सूरजपुर जिले के लटोरी क्षेत्र अंतर्गत सुंदरगंज पंचायत के बथान पारा का बताया जा रहा है। प्रशासन राजस्व अमले और पुलिस बल के साथ अवैध कब्जों को हटाने पहुँचा था। जैसे ही बुलडोजर के माध्यम से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई, कुछ ग्रामीणों ने इसका विरोध करना प्रारंभ कर दिया।
देखते ही देखते विरोध बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस के बाद माहौल गरमा गया। इसी दौरान पथराव की घटना हुई, जिससे प्रशासनिक वाहनों को नुकसान पहुँचा। स्थिति को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
Khabar padne ke liye Tuch karen
सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के समर्थन और विरोध में ग्रामीणों के दो गुट आमने-सामने आ गए थे, जिससे हालात और संवेदनशील हो गए। फिलहाल प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर मौजूद है तथा स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास जारी है।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पूरे घटनाक्रम पर आगे की कार्रवाई और आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
