महा शिवरात्रि पर ग्राम जोब में गूंजा रामनाम — किरण रविन्द्र वैष्णव ने दिया संस्कार और एकता का संदेश

 

छुरिया। महा शिवरात्रि के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत जोब में समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित मानस सम्मेलन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत वातावरण में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सभापति श्रीमती बिरम मंडावी ने की।

इस अवसर पर अतिथियों ने ग्रामवासियों को महा शिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन की सराहना की कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शिव एवं प्रभु श्रीराम के पूजन-अर्चन तथा मंगलाचरण के साथ हुई। मानस पाठ, भजन-कीर्तन एवं प्रवचन के माध्यम से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी, महिलाएं, युवा एवं बुजुर्ग उपस्थित रहे। आयोजन स्थल पर आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला।

Uploaded Image

मुख्य अतिथि श्रीमती वैष्णव ने अपने उद्बोधन में कहा कि धार्मिक आयोजन समाज को संस्कारवान बनाते हैं और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि रामचरितमानस हमें मर्यादा, कर्तव्य और आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा देता है। गांवों में इस प्रकार के सामूहिक कार्यक्रम हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने ग्रामवासियों की एकजुटता और सहयोग भावना की सराहना करते हुए कहा कि जब समाज मिलकर कार्य करता है तो विकास के नए आयाम स्थापित होते हैं। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास करने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम के वरिष्ठजनों एवं आयोजन समिति द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्पहार, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर आत्मीय स्वागत किया गया। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्यों एवं ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा।

अंत में मुख्य अतिथि ने समस्त ग्रामवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए महा शिवरात्रि की हार्दिक बधाई दी। यह आयोजन ग्राम पंचायत जोब सहित आसपास के क्षेत्र में भक्ति और सामाजिक समरसता का प्रेरणास्रोत बन गया।

इस अवसर पर रुपम कोर्राम (पूर्व जनपद सदस्य), दुरपत बाई, मीना बाई मंडावी, सुलोचना बाई, चमेली बाई साहू, निरतन बाई, प्रीतम नेताम, अर्जुन लाल, रोधन उईके, प्रताप मरकाम सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Related Post