उपमुख्यमंत्री अरुण साव होंगे मुख्य अतिथि, दो दिवसीय आयोजन में साइकिल रेस और लोक कलाकारों की प्रस्तुति
कोरबा, 14 फरवरी 2026। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत केराझरिया स्थित पाली महोत्सव मैदान में 15 एवं 16 फरवरी को भव्य पाली महोत्सव 2026 का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। यह दो दिवसीय महोत्सव धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक संगीत का अद्भुत संगम प्रस्तुत करेगा।
15 फरवरी: शिव आरती से होगा शुभारंभ
15 फरवरी को शाम 7 बजे पाली शिव मंदिर घाट में भव्य शिव आरती एवं दीपोत्सव का आयोजन होगा। शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव शामिल होंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री लखन लाल देवांगन करेंगे।
समारोह में सांसद कोरबा ज्योत्सना चरण दास महंत, विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, विधायक पाली-तानाखार तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम, विधायक रामपुर फूलसिंह राठिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
बॉलीवुड और छत्तीसगढ़ी कलाकारों की धमाकेदार प्रस्तुति
शुभारंभ अवसर पर लोकप्रिय गायक मीट ब्रदर्स, खुशबू ग्रेवल और सलमान अली अपनी प्रस्तुति से समां बांधेंगे।
छत्तीसगढ़ी कलाकार दीपक साहू और ऋषिराज पांडेय लोक संस्कृति की झलक पेश करेंगे। साथ ही कठपुतली नृत्य कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
युवाओं के उत्साह को बढ़ाने के लिए 15 फरवरी को साइकिल रेस प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया है।
16 फरवरी: समापन समारोह में अनुज शर्मा और कनिका कपूर की प्रस्तुति
16 फरवरी को शाम 7 बजे महोत्सव का समापन समारोह आयोजित होगा। मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री लखन लाल देवांगन उपस्थित रहेंगे तथा अध्यक्षता सांसद ज्योत्सना चरण दास महंत करेंगी।
समापन संध्या में छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय गायक अनुज शर्मा अपनी सुमधुर प्रस्तुति देंगे। वहीं बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर अपने चर्चित गीतों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी।
इसके अलावा लवली शर्मा द्वारा सितार वादन, स्थानीय कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम और कठपुतली नृत्य भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक एकता का उत्सव
पाली महोत्सव 2026 धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक एकता और मनोरंजन का भव्य उत्सव साबित होगा। क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में शामिल होकर इस आयोजन को यादगार बनाने की तैयारी में हैं।
