बालको अस्पताल में नई औषधि भंडार की शुरुआत, मरीजों को बड़ी राहत

क्षेत्रीय मरीजों को सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बालको मेडिकल सेंटर ने बालको अस्पताल परिसर में नई फार्मेसी (औषधि भंडार) का शुभारंभ किया है।

नई फार्मेसी का उद्घाटन राजेश कुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक, भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड तथा बालको मेडिकल सेंटर की चिकित्सा निदेशक डॉ. भावना सिरोही द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी विवेक सिंहा सहित कंपनी के अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस फार्मेसी की स्थापना का उद्देश्य कोरबा एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को एक ही स्थान पर आवश्यक दवाइयाँ उपलब्ध कराना है। अब मरीजों और उनके परिजनों को दवाओं के लिए दूर-दराज के बाजारों में भटकना नहीं पड़ेगा। अस्पताल परिसर में ही सामान्य से लेकर विशेष उपचार में उपयोग होने वाली दवाइयाँ उपलब्ध रहेंगी।

विशेष बात यह है कि यहां दवाइयाँ रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे मरीजों का इलाज खर्च कम होगा और समय पर दवा मिलने से उपचार प्रक्रिया और प्रभावी बनेगी।

उद्घाटन अवसर पर राजेश कुमार ने कहा कि यह पहल क्षेत्र के लोगों को बेहतर, सुलभ और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कंपनी सामुदायिक स्वास्थ्य विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और भविष्य में भी ऐसी जनहितकारी पहल जारी रखेगी।

नई फार्मेसी की शुरुआत से बालको अस्पताल में उपचार और औषधि सुविधा एक ही परिसर में उपलब्ध हो गई है, जिससे क्षेत्रीय नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।

Related Post