मरवाही थाना को मिला सशक्त नेतृत्व,थाना मरवाही प्रभारी सुरेश कुमार धुव्र नियुक्त आमजन की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्धता का संकल्पमरवाही थाना को मिला सशक्त नेतृत्व
थाना मरवाही प्रभारी सुरेश कुमार धुव्र नियुक्त आमजन की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्धता का संकल्प
मरवाही/ प्रयास कैवर्त
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने एक अहम प्रशासनिक फेरबदल किया है। पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी ने सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए साइबर सेल में पदस्थ रहे अनुभवी एवं कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी सुरेश कुमार धुव्र को मरवाही थाना प्रभारी के रूप में नियुक्त किया है। इस नियुक्ति को क्षेत्र में कानून का राज मजबूत करने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
नवनियुक्त थाना प्रभारी सुरेश कुमार धुव्र ने पदभार ग्रहण करते ही स्पष्ट किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। साथ ही उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
थाना प्रभारी धुव्र ने पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल को अत्यंत आवश्यक बताते हुए कहा कि बिना जनसहयोग के प्रभावी पुलिसिंग संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि मरवाही क्षेत्र में नियमित गश्त, संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी और त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। इसके अलावा जनसुनवाई के माध्यम से लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, संदिग्ध व्यक्ति या घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस हमेशा जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर है।
गौरतलब है कि सुरेश कुमार धुव्र इससे पहले साइबर प्रभारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं और कई मामलों में अपनी कार्यकुशलता का परिचय दे चुके हैं। ऐसे में उनकी नियुक्ति से मरवाही थाना क्षेत्र में नई ऊर्जा और सख्त प्रशासनिक पकड़ की उम्मीद जताई जा रही है।
स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने इस नियुक्ति का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की है कि नए थाना प्रभारी के नेतृत्व में क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा आमजन को सुरक्षित वातावरण मिलेगा। पुलिस प्रशासन का यह कदम निश्चित ही जनविश्वास को और सुदृढ़ करेगा और मरवाही को अपराधमुक्त एवं शांतिपूर्ण क्षेत्र बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
