कोंडागांव, 04 अप्रैल 2026 | राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा जिले में आयोजित “प्रमुख जन गोष्ठी” का भव्य आयोजन 3 अप्रैल 2026, शुक्रवार को स्थानीय ऑडिटोरियम में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न वर्गों से जुड़े प्रबुद्धजन, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य नागरिकों सहित कुल 453 लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गंगा राम माझी की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे आयोजन की महत्ता और बढ़ गई।
गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना तथा संगठन के विचारों और कार्यों से परिचित कराना रहा। इस दौरान मजदूर संघ, शिक्षक संघ, चिकित्सक संघ, पूर्व सैनिक, पत्रकार, खेल जगत, स्वयं सहायता समूह, युवा संगठन, महिला समूह सहित अनेक सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति देखने को मिली।

मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित अखिल भारतीय सह प्रचारक प्रमुख सुनील कुलकर्णी ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्र निर्माण में समाज की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब समाज का प्रत्येक वर्ग अपने कर्तव्यों के प्रति सजग होकर कार्य करता है, तभी एक सशक्त, समरस और आत्मनिर्भर राष्ट्र का निर्माण संभव हो पाता है।
उन्होंने संगठन की कार्यपद्धति पर प्रकाश डालते हुए सेवा, समर्पण और संस्कारों को समाज जीवन की आधारशिला बताया। साथ ही “पंच परिवर्तन”— सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, स्व का बोध, पर्यावरण संरक्षण एवं नागरिक कर्तव्य— जैसे विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया और उपस्थित लोगों से इन्हें अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विषयों पर सारगर्भित चर्चा हुई तथा समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया गया। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने समाजहित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से किया गया। अंत में जिला सह संघचालक विजय नाग ने सभी प्रतिभागियों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
