डोंगरगढ़ में अवैध शराब बिक्री पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6.120 बल्क लीटर शराब व मोटरसायकल जप्त

 

राजनांदगांव:डोंगरगढ़ पुलिस ने अवैध शराब बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 6.120 बल्क लीटर शराब एवं एक मोटरसायकल पल्सर जप्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगातार अंकुश लगाने अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी डोंगरगढ़ निरीक्षक संतोष जायसवाल द्वारा टीम के साथ अवैध शराब कारोबारियों पर निगरानी रखी जा रही थी।

19 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि कालकापारा वार्ड क्रमांक 10 निवासी राज नंदेश्वर (24 वर्ष) मोटरसायकल से अधिक मात्रा में शराब परिवहन कर बिक्री हेतु ले जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने ग्राम राका मोड़ पेट्रोल पंप के सामने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 16 पाव रोमीओ देशी मदिरा (2.880 बल्क लीटर), 16 पाव जम्बू स्पेशल व्हिस्की (2.880 बल्क लीटर) तथा 02 पाव 7 PM व्हिस्की (0.360 बल्क लीटर) कुल 6.120 बल्क लीटर शराब जप्त की गई। जप्त शराब की कीमत ₹3,600 एवं मोटरसायकल की कीमत ₹50,000 सहित कुल जुमला जप्ती ₹53,600 आंकी गई है।

पुलिस ने बताया कि डोंगरगढ़ क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री रोकने लगातार मुहिम चलाई जा रही है और इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।इस कार्रवाई में निरीक्षक संतोष जायसवाल, उप निरीक्षक रोहित खूंटे, आरक्षक अविलेश दीदी एवं किशन कुमार चंद्र का सराहनीय योगदान रहा।

Related Post