तारबाहर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 किलो से अधिक गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार

नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत तारबाहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से गांजा रखने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 किलो 594 ग्राम मादक पदार्थ गांजा और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।

मामला थाना तारबाहर क्षेत्र का है, जहां अप.क्र. 58/2026 के तहत धारा 20बी एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के पास रेलवे अंग्रेजी स्कूल के सामने एक व्यक्ति ट्रॉली बैग में गांजा लेकर खड़ा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में टीम गठित की गई। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिमांशु यादव (20 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 24, रेलवे कॉलोनी, थाना जीआरपी झारसुगुड़ा, ओडिशा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह झारसुगुड़ा से गांजा बिक्री के उद्देश्य से बिलासपुर आया था।

पुलिस ने आरोपी के पास से 10 किलो 594 ग्राम गांजा और एक एप्पल कंपनी का मोबाइल जब्त किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामनरेश यादव सहित पुलिस टीम एवं आरपीएफ के जवानों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस द्वारा अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।

Related Post