कटघोरा। तहसील क्षेत्र में बढ़ते अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ट्रैक्टर जप्त किए हैं। यह कार्रवाई एसडीएम तन्मय खन्ना के निर्देश पर की गई।
मौके पर पकड़े गए अवैध परिवहन में लगे वाहन
राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने निरीक्षण के दौरान अवैध रूप से रेत का उत्खनन और परिवहन कर रहे तीन ट्रैक्टरों को मौके पर पकड़ लिया। सभी वाहनों को जप्त कर थाना कटघोरा में सुपुर्द कर दिया गया है।
पर्यावरण और राजस्व संरक्षण के लिए अभियान
प्रशासन के अनुसार अवैध रेत उत्खनन से शासन को राजस्व की हानि होती है, साथ ही पर्यावरणीय संतुलन पर भी गंभीर प्रभाव पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए तहसील क्षेत्र में लगातार निगरानी और सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
एसडीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में अवैध खनन में लिप्त पाए जाने वालों पर और भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
नागरिकों से सहयोग की अपील
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध रेत उत्खनन या परिवहन की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
