जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए कोरबा पुलिस द्वारा “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत “ऑपरेशन शांति” चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ 85 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे।
निर्देशों के पालन में 15 मार्च 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश कार्रवाई की गई। इस दौरान लंबे समय से फरार चल रहे 52 गिरफ्तारी वारंटी, जिनमें 33 स्थायी वारंटी भी शामिल हैं, को गिरफ्तार किया गया। अभियान के तहत कुल 85 वारंटियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार ये आरोपी न्यायालय द्वारा जारी वारंट के बावजूद लंबे समय से गिरफ्तारी से बचते हुए फरार चल रहे थे। विशेष अभियान चलाकर इनकी तलाश की गई और दबिश देकर गिरफ्तार किया गया।
इसी दौरान वार्ड क्रमांक 11 के नागरिकों की ओर से क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग होने की शिकायत पुलिस को प्राप्त हुई थी। शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सोमू तिवारी और छोटका प्रजापति के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की।
कोरबा पुलिस का कहना है कि नागरिकों से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई की जा रही है। जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
कोरबा पुलिस की अपील
किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अवैध कार्य की सूचना तुरंत नजदीकी थाना, चौकी या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
