कोंडागांव, 02 अप्रैल 2026। जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयासों से 9 नई एम्बुलेंस की सौगात मिली है। इनमें बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS), एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) तथा पहली बार नियोनेटल ALS एम्बुलेंस शामिल हैं, जो नवजात शिशुओं के लिए अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस हैं।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर एम्बुलेंस को रवाना किया। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि नई एम्बुलेंस सुविधा से दूरस्थ क्षेत्रों तक आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच मजबूत होगी। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने इसे केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी सोच का परिणाम बताते हुए कहा कि इससे आम नागरिकों को त्वरित चिकित्सा सहायता मिलेगी।
विशेष बात यह है कि नियोनेटल ALS एम्बुलेंस नवजात शिशुओं के लिए “चलते-फिरते आईसीयू” के रूप में कार्य करेंगी। इनमें इन्क्यूबेटर, वेंटिलेटर, डिफिब्रिलेटर, ऑक्सीजन सपोर्ट सहित 41 प्रकार की आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं। साथ ही प्रशिक्षित तकनीशियन, 24×7 ईएमटी और विशेषज्ञ डॉक्टरों का ऑनलाइन मार्गदर्शन भी सुनिश्चित किया गया है।
प्रदेश सरकार ने एम्बुलेंस सेवाओं की समयबद्ध उपलब्धता के लिए शहरी क्षेत्रों में 15 मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर सेवा पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
इन एम्बुलेंसों के संचालन से जिले में आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं अधिक प्रभावी, त्वरित और सुलभ होंगी, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा।
