जनदर्शन में गूंजा वनों की कटाई का मुद्दा, ग्रामीणों ने कोंडागांव कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

कोंडागांव, 17 फरवरी 2026 | जिला कार्यालय में आज मंगलवार को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने वन विभाग द्वारा की जा रही वनों की कटाई पर रोक लगाने की मांग को लेकर कलेक्टर से मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और आपत्तियों से अवगत कराते हुए जिला प्रशासन को लिखित ज्ञापन भी सौंपा।

 

ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम टेमरुगांव एवं आसपास के क्षेत्रों में वन विभाग द्वारा की जा रही कटाई से न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि इससे उनकी धार्मिक, सामाजिक आस्था और आजीविका पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इन वनों से उनकी पशुपालन, कृषि और पारंपरिक जीवनशैली जुड़ी हुई है, जिससे उनकी पीढ़ियों की आजीविका प्रभावित हो रही है।

 

ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने मांग की कि वनों की कटाई पर तत्काल रोक लगाई जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि बिना ग्रामसभा की सहमति के किसी भी प्रकार की कटाई स्वीकार्य नहीं है।

 

कलेक्टर ने ग्रामीणों की बातों को गंभीरता से सुना और उचित जांच व कार्रवाई का आश्वासन दिया। जनदर्शन में उठे इस मुद्दे के बाद जिला प्रशासन स्तर पर मामले की समीक्षा किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

Related Post