मर्दापाल/कोंडागांव, 7 फरवरी 2026 | जिले के मर्दापाल थाना क्षेत्र अंतर्गत सल्फी ढोड़ी मोड़ पर शनिवार दोपहर लगभग 3:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई, जिससे बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक छोटे डोंगर क्षेत्र के मोड़ोनार गांव के निवासी बताए जा रहे हैं, जो बाइक से कोंडागांव की ओर आ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सल्फी ढोड़ी मोड़ पर चालक तेज गति के कारण बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे बाइक सीधे सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।

हादसे की सूचना मिलते ही मर्दापाल पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु मर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस द्वारा घटना की जांच कार्यवाही जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सल्फी ढोड़ी मोड़ पहले भी कई हादसों का कारण बन चुका है, लेकिन अब तक यहां कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे यह स्थान लगातार “रफ्तार का खतरा” बनता जा रहा है।
