उरगा में सड़क हादसों का कहर, दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में दो की मौत, कई घायल

कोरबा, उरगा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक बार फिर जान ले ली है। बीती रात उरगा इलाके में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो भीषण सड़क हादसों ने इलाके को दहला दिया। इन हादसों में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

 

पहली घटना उरगा स्थित भारतमाला मुख्य मार्ग की है, जहां देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में चार लोग सवार थे, जिनमें से दो युवकों राहुल राय और विराट अग्रवाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि कार सवार सभी लोग बिलासपुर जिले के मस्तूरी निवासी थे और बिलासपुर से कोरबा बारात लेकर आ रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

 

वहीं दूसरी ओर उरगा–चांपा नेशनल हाईवे 149बी पर ग्राम कोथारी के समीप एक और भीषण सड़क हादसा सामने आया। सड़क किनारे पहले से खड़े एक ट्रेलर में पीछे से आ रहे दूसरे ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर चालक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अंदर फंस गया।

सूचना मिलते ही उरगा पुलिस और नेशनल हाईवे पर सक्रिय 1033 एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकालकर चांपा अस्पताल भेजा गया। हादसे में चालक का पैर टूट गया है। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने वाला चालक नशे की हालत में था।

 

 

लगातार हो रहे सड़क हादसे एक बार फिर तेज रफ्तार, नशे और लापरवाही पर सवाल खड़े कर रहे हैं। फिलहाल दोनों मामलों में उरगा पुलिस जांच में जुटी हुई है।

Related Post