अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला कोरबा द्वारा महिला शक्ति के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की अध्यक्षता तथा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीती स्वर्णकार के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद खेल, विधि, साहित्य और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। समारोह में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रियंका गिरी, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी विद्या पांडेय, प्रदेश मंत्री संतोषी दीवान, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, जिला मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता, सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजक बी.डी. शर्मा, प्रदेश प्रमुख स्व सहायता समूह सत्यलता मिरी, जिला महामंत्री स्वाति सिंह, अनसूईया राठौर और नीरज ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि विभा अवस्थी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं को केवल सम्मान ही नहीं देती, बल्कि उन्हें नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया में भी बराबर का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं संचालित हो रही हैं, जिनसे देश की मातृशक्ति आत्मनिर्भर बन रही है।
कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि भाजपा में महिलाओं को संगठन और शासन दोनों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जाती हैं। महिला मोर्चा की कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि भाजपा में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और यही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को संगठन और जनप्रतिनिधित्व के हर स्तर पर नेतृत्व का अवसर मिल रहा है, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण किसी भी समाज की प्रगति का आधार होता है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का परिचय दे रही हैं और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
वहीं महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीती स्वर्णकार ने कहा कि महिला शक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा और सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समाज के विभिन्न वर्गों से आई महिलाएं शामिल हुईं। पूरे आयोजन में उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को
मिला।
