ग्राम पंचायत खुरपा में रविवार साप्ताहिक बाजार का भव्य शुभारंभ, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती

मरवाही/प्रयास कैवर्त

जिला गौरेला पेड्रा मरवाही के ग्राम पंचायत खुरपा में रविवार को बहुप्रतीक्षित साप्ताहिक बाजार का भव्य शुभारंभ किया गया। इस ऐतिहासिक पहल से न केवल ग्रामीणों को दैनिक आवश्यक वस्तुएं गांव में ही उपलब्ध होंगी, बल्कि स्थानीय व्यापार, स्वरोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा मिलेगी। बाजार के उद्घाटन अवसर पर पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
नवीन रविवार साप्ताहिक बाजार का उद्घाटन ग्राम पंचायत खुरपा के सरपंच महेश करसाल के नेतृत्व में जनपद सदस्य सविता भानु, उपसरपंच शांति बाई, ग्राम पंचायत के पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासियों की उपस्थिति में विधिवत रूप से किया गया। सभी जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से फीता काटकर बाजार का शुभारंभ किया और ग्रामीणों को इस नई सुविधा की बधाई दी।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सरपंच महेश करसाल ने कहा कि साप्ताहिक बाजार की शुरुआत ग्राम पंचायत खुरपा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दूरस्थ बाजारों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। साथ ही स्थानीय किसान, सब्जी उत्पादक, छोटे व्यापारी और कारीगर अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचा सकेंगे, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी।
जनपद सदस्य सविता भानु ने कहा कि यह बाजार ग्रामीण विकास की दिशा में एक सशक्त कदम है। इससे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उपसरपंच शांति बाई ने विशेष रूप से महिलाओं और स्व-सहायता समूहों के लिए इसे लाभकारी बताते हुए कहा कि महिलाएं अब अपने घरेलू एवं हस्तशिल्प उत्पादों को बाजार में बेचकर आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
उद्घाटन के पहले ही दिन बाजार में सब्जी, फल, अनाज, कपड़े, घरेलू सामान सहित विभिन्न दुकानों का संचालन शुरू हुआ, जिससे बाजार में रौनक दिखाई दी। ग्रामवासियों ने ग्राम पंचायत के इस निर्णय का स्वागत करते हुए आशा जताई कि यह रविवार साप्ताहिक बाजार आने वाले समय में खुरपा गांव की पहचान बनेगा और समग्र विकास को नई गति देगा।

Related Post