जिले के किसानों के लिए अधिसूचित दलहन एवं तिलहन फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदी की व्यवस्था की गई है। यह उपार्जन प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (PM-AASHA) के अंतर्गत प्राइस सपोर्ट स्कीम के तहत आदिम जाति सेवा सहकारी समिति जटगा एवं कोरबी (पोड़ीउपरोड़ा) में किया जाएगा।
किसान अरहर, उड़द, मूंग, मूंगफली, सोयाबीन, चना, मसूर और सरसों फसल का विक्रय कर सकेंगे। इसके लिए इच्छुक किसानों को “एकीकृत किसान पोर्टल” के माध्यम से 28 फरवरी 2026 तक अनिवार्य रूप से पंजीयन कराना होगा।
उपार्जन की निर्धारित अवधि के अनुसार मूंग, उड़द, मूंगफली एवं सोयाबीन की खरीदी 1 दिसंबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक की जाएगी। अरहर एवं सरसों की खरीदी 15 फरवरी 2026 से 15 मई 2026 तक तथा चना एवं मसूर की खरीदी 1 मार्च 2026 से 30 मई 2026 तक होगी।
निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य के तहत अरहर 8000 रुपये प्रति क्विंटल, मूंग 8768 रुपये, उड़द 7800 रुपये, मूंगफली 7263 रुपये, सोयाबीन 5328 रुपये, चना 5875 रुपये, मसूर 7000 रुपये तथा सरसों 6200 रुपये प्रति क्विंटल पर खरीदी जाएगी।
एमएसपी पर खरीदी केवल “प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान” (PM-AASHA) के अंतर्गत पंजीकृत किसानों से ही की जाएगी। पंजीयन के लिए किसान का मोबाइल नंबर, आधार कार्ड एवं ऋण पुस्तिका/बी-1 आवश्यक दस्तावेज होंगे।
कृषक अधिक जानकारी के लिए अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी या संबंधित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक से संपर्क कर सकते हैं। यह व्यवस्था किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और आय संरक्षण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
