पाली महोत्सव 2026 के अवसर पर कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश और जिला कार्यक्रम अधिकारी बसंत मिंज के मार्गदर्शन में एकीकृत बाल विकास परियोजना पाली द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक स्टॉल स्थापित किया गया। स्टॉल ने आगंतुकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
स्टॉल का मुख्य थीम प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना पर केंद्रित रहा। इसे मॉडल के रूप में सुसज्जित कर योजना के अंतर्गत दी जाने वाली वित्तीय सहायता, पंजीयन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और लाभ प्राप्ति की संपूर्ण जानकारी सरल व दृश्यात्मक माध्यम से प्रस्तुत की गई। आगंतुकों ने मॉडल के जरिए योजना की प्रक्रियाओं को समझा और उपस्थित अधिकारियों से विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की।
स्टॉल में “वजन त्यौहार” पर आधारित विशेष कॉर्नर भी बनाया गया, जहां बच्चों के नियमित वजन मापन, कुपोषण की पहचान, ग्रोथ मॉनिटरिंग और पोषण परामर्श से संबंधित जानकारी दी गई। माताओं और अभिभावकों ने इसमें विशेष रुचि दिखाई। इसके अलावा महिला स्व-सहायता समूह द्वारा स्थापित किए जा रहे रेडी टू ईट यूनिट का मॉडल भी प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आमजनों को सुकन्या समृद्धि योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, नोनी सुरक्षा योजना तथा महतारी वंदन योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। परियोजना अधिकारी एवं पर्यवेक्षकों ने पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया समझाते हुए अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
महोत्सव के दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने स्टॉल का निरीक्षण कर प्रस्तुति की सराहना की और इसे जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में प्रभावी पहल बताया। पाली महोत्सव में स्थापित यह विभागीय स्टॉल महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनकर उभरा। बड़ी संख्या में नागरिकों ने स्टॉल का अवलोकन किया और विभागीय प्रयासों की प्रशंसा की।
