कोंडागांव, 03 फरवरी 2026। आंध्रप्रदेश के विशाखापट्टनम में 30 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक आयोजित 9वीं अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में कोंडागांव जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है।
प्रतियोगिता से लौटने के बाद खिलाड़ियों ने जिला कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना से सौजन्य मुलाकात की और प्रतियोगिता में अपने प्रदर्शन की जानकारी दी। इस अवसर पर कलेक्टर ने खिलाड़ियों को पदक जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे जिले के लिए गर्व की बात है कि यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी तरह मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
छत्तीसगढ़ शोतोकॉन कराटे-डू एसोसिएशन के मुख्य प्रशिक्षक सिहान सरजीत सिंह बख्शी के नेतृत्व में कोंडागांव जिला कराटे संघ के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता में खिलाड़ी राकेश कुमार कांगे ने कुमिते इवेंट में सिल्वर मेडल, रिद्धिमा जायसवाल ने कुमिते इवेंट में गोल्ड मेडल, कु. जिज्ञासा सिंह ठाकुर ने काता एवं कुमिते इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल तथा काव्यांश कश्यप ने कुमिते इवेंट में सिल्वर मेडल हासिल किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर संस्था के प्रशिक्षकों और अन्य सदस्यों ने भी उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
