प्रदेश के सबसे लोकप्रिय खेल कबड्डी को समर्पित अकलतरा ब्लॉक कबड्डी प्रीमियर लीग 2026 (सीजन-3) का तीन दिवसीय आयोजन 1 से 3 फरवरी तक समीपस्थ ग्राम अकलतरी में उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का समापन समारोह अत्यंत भव्य और यादगार रहा, जहां फाइनल मुकाबले से पूर्व राष्ट्रगान गाया गया, रंग-बिरंगे गुलाल से अतिथियों का स्वागत किया गया और आतिशबाजी ने माहौल को रोमांचक बना दिया।
इस ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के लिए अलग-अलग पुरस्कार और ट्रॉफियां निर्धारित की गई थीं। खेल प्रेमियों की भारी उपस्थिति और खिलाड़ियों के जज्बे ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
बालिका वर्ग के विजेता
बालिका वर्ग में चंद्रोदय स्पोर्ट्स क्लब, अकलतरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम को 25 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी मुख्य अतिथि रजनी सत्तू साहू द्वारा प्रदान की गई।
द्वितीय स्थान पर मातारानी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (15 हजार रुपये), तृतीय स्थान पर गोंडवाना फाइटर पचरी (दल्हा) (10 हजार रुपये) और चतुर्थ स्थान पर जय बजरंग दल अकलतरी (7 हजार रुपये) रही।
बालक वर्ग में पारसनाथ धाम की जीत
बालक वर्ग में पारसनाथ धाम परसही (नाला) टीम ने फाइनल मुकाबले में दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। टीम को 50 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी अकलतरा बालक कबड्डी संघ द्वारा प्रदान की गई।
द्वितीय पुरस्कार गोंडवाना फाइटर टीम पचरी (दल्हा) को 30 हजार रुपये, तृतीय पुरस्कार लवकुश दल पोड़ी दल्हा को 20 हजार रुपये और चतुर्थ पुरस्कार संकट मोचन दल कटघरी को 15 हजार रुपये प्रदान किए गए।
अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
मुख्य अतिथि रजनी सत्तू साहू ने अपने संबोधन में कहा कि जीवन में खेलों का महत्वपूर्ण स्थान है। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि अनुशासन और भाईचारे की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने आयोजन के लिए ग्राम अकलतरी के ग्रामीणों और समिति को बधाई दी।
विशिष्ट अतिथि जिला कबड्डी संघ के जिलाध्यक्ष अमर सुल्तानिया ने बालक और बालिका वर्ग का एक साथ आयोजन को ऐतिहासिक बताया और खिलाड़ियों के आत्मविश्वास की सराहना की। वहीं जनपद अध्यक्ष शकुन देव अघरिया ने भी खिलाड़ियों को आशीर्वाद प्रदान किया।
आयोजन में ग्रामीणों की अहम भूमिका
इस आयोजन को सफल बनाने में ग्राम अकलतरी के सामाजिक कार्यकर्ता छोटू कश्यप का विशेष योगदान रहा। मंच संचालन दीपक साहू ने किया। कार्यक्रम में सरपंच सुरेश धंमधे, जनपद सदस्य प्रतिनिधि शिवपाल सिंह, देव कुमार अघरिया, पार्षद पुरुषोत्तम नामदेव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
अंत में आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। खेल, अनुशासन और सौहार्द का यह आयोजन क्षेत्र में लंबे समय तक याद किया जाएगा।
