मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर हितग्राहियों का सम्मान करेगा भाजयुमो

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के 62वें जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगा। इस अवसर पर राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हितग्राहियों का सम्मान किया जाएगा।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा के नेतृत्व में आयोजित ऑनलाइन वर्चुअल बैठक में सभी पदाधिकारियों को कार्यक्रम की रूपरेखा दी गई। राहुल टिकरिहा ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश का लगभग हर परिवार किसी-न-किसी सरकारी योजना से लाभान्वित हो रहा है।

उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत लगभग 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। तेंदूपत्ता संग्राहकों से 5500 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से खरीदी की जा रही है। वहीं लगभग 27 लाख किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर धान खरीदी की जा रही है। इसके अतिरिक्त केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में लगभग 26 लाख हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं।

राहुल टिकरिहा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उनके जन्मदिवस को सेवा और समर्पण के रूप में मनाते हुए युवा मोर्चा द्वारा जिला एवं मंडल स्तर पर हितग्राही सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे।

इसी क्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा, जिला कोरबा द्वारा भी सभी मंडलों में सम्मान समारोह आयोजित कर योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का भी संकल्प लिया गया है।

Related Post