यात्री सुविधाओं के विस्तार पर बड़ा फैसला, रायपुर में सांसद-रेलवे बैठक

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल अंतर्गत आने वाले संसदीय क्षेत्रों के माननीय सांसदों की महत्वपूर्ण बैठक आज मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, रायपुर के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बृजमोहन अग्रवाल, सांसद रायपुर ने की, जबकि रेलवे प्रशासन की ओर से महाप्रबंधक तरुण प्रकाश एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सहयोगात्मक वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें यात्री सुविधाओं के विस्तार, ट्रेनों के ठहराव, नई रेल सेवाओं और अधोसंरचना विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

सांसदों ने रखे क्षेत्रीय मुद्दे

बैठक में भोजराज नाग (कांकेर), महेश कश्यप (बस्तर), रूपकुमारी चौधरी (महासमुंद) सहित अन्य सांसद प्रतिनिधियों ने भाग लिया। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े जनसरोकारों के मुद्दे उठाते हुए विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, ट्रेनों के अतिरिक्त ठहराव तथा नई रेल सेवाएं शुरू करने के सुझाव दिए।

विकास कार्यों की दी जानकारी

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने रायपुर मंडल में चल रहे विकासात्मक कार्यों, नई ट्रेनों, गाड़ियों की क्षमता वृद्धि, टिकटिंग प्रणाली को अधिक सरल बनाने हेतु ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन जैसी सुविधाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि सांसदों के मार्गदर्शन से रेलवे सेवाओं को और बेहतर बनाया जाएगा।

सांसदों ने मंडल में हो रहे विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप और सुधार की अपेक्षा जताई। रेलवे प्रशासन ने सभी सुझावों को प्राथमिकता के साथ नियमानुसार पूरा करने का आश्वासन दिया।

‘वन स्टेशन वन प्रोडक्ट’ से जुड़ी हस्तियों का सम्मान

बैठक के उपरांत बृजमोहन अग्रवाल द्वारा ‘वन स्टेशन वन प्रोडक्ट’ (OSOP) स्टॉल से जुड़ी संचालिकाओं जानकी सिन्हा एवं राधा को पारंपरिक छत्तीसगढ़ी उत्पादों के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही रायपुर डिवीजन के सीनियर टेक्नीशियन एवं स्क्रैप आर्टिस्ट अशोक देवांगन को स्क्रैप से निर्मित आकर्षक कलाकृतियों के लिए सम्मान प्रदान किया गया।

बैठक के अंत में उप-महाप्रबंधक (सामान्य) समीर कान्त माथुर ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

यह बैठक रेलवे विकास और यात्री सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

Related Post