कोरबा, प्रेम संबंध के विवाद में युवक को जिंदा जलाकर मारने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में गंभीर रूप से झुलसे युवक को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना जांजगीर-चांपा जिले के कटओथ गांव की है। पीड़ित युवक कोरबा जिले के कनकी क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। युवक ने अपने बयान में बताया कि उसकी प्रेमिका ने उसे फोन कर गांव के मेले में मिलने के बहाने बुलाया था। युवती के बुलावे पर वह कटओथ गांव पहुंचा।
बताया जा रहा है कि युवक के वहां पहुंचते ही युवती के भाई ने उसे रोक लिया। दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। अचानक हुए हमले से युवक आग की चपेट में आ गया, लेकिन उसने हिम्मत दिखाते हुए पास के तालाब में कूदकर अपनी जान बचा ली। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया।
घटना के बाद गंभीर रूप से झुलसे युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवक का शरीर कई जगह से झुलसा है और उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
मामले में अस्पताल चौकी पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में घटना प्रेम संबंध से जुड़े विवाद का परिणाम प्रतीत हो रही है। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
