Anp news साइकिल रैली से दिया स्वस्थ जीवन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Anp News Live Korba विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर कोरबा में जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित "रविवार साइकिल के नाम" अभियान के तहत भव्य साइकिल रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

रैली का शुभारंभ एसईसीएल वॉलीबॉल मैदान से हुआ। यह रैली मुड़ापार बाजार चौक, डीएवी विद्यालय मार्ग, हेलिपैड, घंटाघर और हनुमान मंदिर (सुभाष ब्लॉक कॉलोनी) होते हुए जीएम परिसर मार्ग से पुनः एसईसीएल वॉलीबॉल मैदान पहुंचकर संपन्न हुई।

कार्यक्रम में स्कूली बच्चों, अधिकारियों और कर्मचारियों सहित लगभग 250 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने साइकिल चलाकर फिटनेस और स्वच्छ पर्यावरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

रैली में पुलिस विभाग के रक्षित निरीक्षक अनंत राम पैकरा, नगर पालिक निगम सचिव रामेश्वर सिंह, वॉलीबॉल संघ से सुशील गर्ग, स्काउट-गाइड प्रभारी उत्तरा कैवर्त तथा दिगंबर सहित विभिन्न विभागों और खेल संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को साइकिल के नियमित उपयोग के लिए प्रेरित करना, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना और प्रदूषण मुक्त वातावरण के लिए जनभागीदारी बढ़ाना था। आयोजन को सफल बनाने में वॉलीबॉल संघ, व्यायाम शिक्षकों, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग तथा अन्य सहयोगी संस्थाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Related Post