घोड़े की सवारी और बाजे-गाजे के साथ वनपाल चन्दूलाल हरदेल को दी गई भव्य ऐतिहासिक विदाई

 

छुरिया। वन विभाग छुरिया में लंबे समय तक निष्ठा और समर्पण के साथ सेवा देने वाले वनपाल श्री चंदूलाल हरदेल के सेवानिवृत्ति अवसर पर एक भव्य और यादगार विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह उनके वर्षों के योगदान, नेतृत्व और सरल व्यक्तित्व को समर्पित रहा।

Example Image

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात छत्तीसगढ़ राज्य गीत “अरपा पैरी के धार” का सम्मानपूर्वक गायन किया गया, जिससे पूरे वातावरण में भावनात्मक और सांस्कृतिक गरिमा का संचार हुआ।

श्री हरदेल ने वर्ष 1988 में दैनिक वेतनभोगी के रूप में वन विभाग में अपनी सेवा प्रारंभ की थी। अपनी मेहनत और ईमानदारी के बल पर उन्होंने विभाग में एक विशिष्ट पहचान बनाई। डिपो में आयोजित इस विदाई समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त उपवन मंडल अधिकारी श्री योगेश कुमार गंडेचा, सेवानिवृत्त वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री कमलनयन नोन्हारे, संजू बड़े बाबू, वन परिक्षेत्र अधिकारी बागनदी श्री हरि सूरजबली सिन्हा, श्री रामकिशुन साहू एवं राजनांदगांव के वरिष्ठ शिक्षक व हरदेल जी के समधी श्री हूबलाल सुकतेल उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में श्री सिन्हा ने श्री हरदेल के कार्यकाल को अनुकरणीय बताया। उन्होंने विभाग के कर्मचारियों के नाम और कार्यों पर आधारित एक कविता प्रस्तुत की, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा और पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा।

समारोह के दौरान कई अवसरों पर भावुक दृश्य देखने को मिले, जहां सहकर्मियों और उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं। यह कार्यक्रम वन परिक्षेत्र बागनदी के समस्त स्टाफ के सौजन्य से आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी, उनके परिजन एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

आभार व्यक्त करते हुए छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ के प्रांत प्रमुख हारुन मानिकपुरी ने कहा कि “हरदेल साहब हमारे वन विभाग परिवार के अभिभावक रहे हैं। उनका मार्गदर्शन और सहयोग हमेशा याद किया जाएगा।”

कार्यक्रम के अंत में सभी के लिए प्रीतिभोज की व्यवस्था की गई। इसके पश्चात श्री हरदेल को घोड़े पर सवार कर पूरे छुरिया नगर में बाजे-गाजे, नृत्य-संगीत और आतिशबाजी के साथ भव्य सम्मान यात्रा निकाली गई, जो उनके निवास तक पहुंची। इस दौरान पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

इस ऐतिहासिक विदाई समारोह को सफल बनाने में छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष श्री हरेन्द्र कुमार ठाकुर, रविकुमार परसाई, प्रांत प्रमुख हारुन मानिकपुरी, सचिव विनोद कुमार साहू सहित अन्य कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। समारोह में प्रशिक्षु वन क्षेत्रपाल श्री ढालेन्द्र कुमार वर्मा, रूबी खिलारी, डिप्टी रेंजर श्री प्रेमलाल साहू, श्री विक्रम ठाकुर, आदिल अहमद, मुकेश दुबे, कृष्ण कुमार सोनी, अजय ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित थे।

Related Post