कोंडागांव, 8 फरवरी 2026 | यादव समाज कोंडागांव की जिला स्तरीय चुनाव प्रक्रिया रविवार को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न हुई। यह महत्वपूर्ण बैठक फरसगांव नगर के गोवर्धन पूजा स्थल पर आयोजित की गई, जिसमें कोंडागांव जिले के सभी प्रमुख ब्लॉकों — कोंडागांव, फरसगांव, बडेराजपुर, केशकाल, धनोरा, मर्दापाल एवं माकड़ी — से समाज के प्रबुद्धजन, पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
जिला स्तरीय चुनाव सर्वसम्मति से सम्पन्न कराया गया, जिसमें माननीय साधुराम यादव को यादव समाज कोंडागांव का जिला अध्यक्ष सर्वसम्मति से मनोनीत किया गया। इस चुनाव में जिले के सातों ब्लॉकों के प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर उनका समर्थन किया।

निर्वाचन प्रक्रिया समाज के वरिष्ठजनों एवं संरक्षक मंडल के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर विशेष रूप से महेंद्र यादव (संभागीय अध्यक्ष), राजू यादव (जिला सचिव, कांकेर), शिवचरण यादव (सह सचिव, कांकेर), प्रेमनाथ यादव (संरक्षक, कोंडागांव) एवं बंशी राम यादव (संरक्षक) की गरिमामयी उपस्थिति रही। कांकेर, नारायणपुर सहित अन्य क्षेत्रों से आए संरक्षक मंडल के सदस्यों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी गरिमा प्रदान की।

जिला अध्यक्ष पद के लिए साधुराम यादव (बफना) एवं जगदीश यादव (बडे राजपुर) द्वारा दावेदारी प्रस्तुत की गई थी। समाज के वरिष्ठजनों, प्रबुद्ध जनों एवं सभी ब्लॉकों के प्रतिनिधियों की सर्वसम्मति से साधुराम यादव को जिला अध्यक्ष घोषित किया गया।
बताया गया कि जिले भर के लगभग 70,000 यादव समाजजनों का व्यापक समर्थन साधुराम यादव को प्राप्त हुआ है, जो समाज में उनके प्रति विश्वास और सम्मान को दर्शाता है।
नव-निर्वाचित जिला अध्यक्ष साधुराम यादव ने समाज के विकास, संगठन की मजबूती, एकता, शिक्षा, सामाजिक उत्थान एवं कल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि यादव समाज को संगठित कर युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठजनों के हित में ठोस कार्ययोजनाएं तैयार की जाएंगी तथा समाज को एक मजबूत, संगठित और सकारात्मक दिशा दी जाएगी।
इस अवसर पर जिले के सभी ब्लॉकों के पदाधिकारी, समाज प्रमुख, वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। सभी ने नव-निर्वाचित जिला अध्यक्ष को बधाई देते हुए उनके नेतृत्व में यादव समाज के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा संगठन को मजबूत करने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
