कोण्डागांव, 02 मार्च 2026 | जिला मुख्यालय से लगभग 33 किलोमीटर दूर संवेदनशील क्षेत्र में स्थित ग्राम पंचायत केजंग में हर शुक्रवार लगने वाले साप्ताहिक बाजार में भीषण जल संकट खड़ा हो गया है। पानी की किल्लत के चलते होटल, ठेला-व्यवसायी और अन्य व्यापारी गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही एक रसूखदार व्यक्ति द्वारा सरकारी हैंडपंप से हैंडल निकालकर गोठान की सरकारी मोटर को हैंडपंप में जोड़ दिया गया। इसके बाद लगभग दो वर्षों तक निजी उपयोग में मोटर का इस्तेमाल किया गया। अब मोटर खराब हो चुकी है, लेकिन संबंधित व्यक्ति द्वारा उसकी मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे पूरा साप्ताहिक बाजार प्रभावित हो रहा है।
स्थिति यह है कि व्यापारियों को डेढ़ किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे होटल संचालन तक प्रभावित हो गया है। भजिया, चाय-नाश्ता और अन्य खाद्य सामग्री बनाने में भारी दिक्कतें हो रही हैं। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि पानी की अनुपलब्धता के कारण ग्राहक भी कम हो रहे हैं, जिससे रोज़गार पर सीधा असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने इस पूरे मामले का वीडियो जारी कर रसूखदार व्यक्ति के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी संसाधनों का निजी उपयोग न केवल गैरकानूनी है, बल्कि इससे पूरे गांव और साप्ताहिक बाजार की व्यवस्था चरमरा गई है।
ग्रामीणों और व्यापारियों की मांग है कि:
सरकारी हैंडपंप को तत्काल सार्वजनिक उपयोग के लिए बहाल किया जाए
खराब मोटर की मरम्मत करवाई जाए
दोषियों पर कार्रवाई हो
साप्ताहिक बाजार के लिए स्थायी जल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए
अब देखना होगा कि कोंडागांव जिला प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब और क्या कदम उठाता है।
