कोंडागांव, 23 फरवरी 2026 | कोंडागांव जिला मुख्यालय में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मंगलवार 24 जनवरी से वार्षिक मेले का भव्य आयोजन होने जा रहा है। एक सप्ताह तक चलने वाले इस पारंपरिक मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। मेला परिसर में सैकड़ों दुकानें सजकर तैयार हो चुकी हैं और बाहर से भी बड़ी संख्या में व्यापारी कोंडागांव पहुंच चुके हैं।
इसी बीच सोमवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बीते कुछ घंटों से आसमान पर काले बादल छाए हुए थे, जो अब हल्की बूंदा बांदी में बदल चुकी है। अचानक मौसम में आए इस बदलाव ने अब व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। दुकानदारों को आशंका है कि यदि मेले की शुरुआत के दौरान बारिश हुई तो कारोबार पर इसका सीधा असर पड़ सकता है।
व्यापारियों का कहना है कि उन्होंने मेले की तैयारी में भारी निवेश किया है, ऐसे में खराब मौसम नुकसान का कारण बन सकता है। वहीं स्थानीय लोगों में भी उत्साह के साथ-साथ मौसम को लेकर चिंता देखी जा रही है।
प्रशासन और आयोजन समिति की ओर से मौसम पर नजर रखी जा रही है और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने की तैयारी की जा रही है, ताकि मौसम खराब होने की स्थिति में भी मेले का आयोजन सुचारू रूप से जारी रह सके।
