बेलतरा में मतदाता सूची विवाद, नाम विलोपन को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान कथित अनियमितताओं को लेकर विवाद गहरा गया है। क्षेत्र के रहवासी और कांग्रेस पार्टी के नेता बड़ी संख्या में जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और कलेक्टर संजय अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि चाटीडीह इलाके के लगभग डेढ़ सौ से अधिक मतदाताओं के नाम फार्म-7 के माध्यम से मतदाता सूची से विलोपित करने की प्रक्रिया चल रही है। इस कार्रवाई से स्थानीय नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है। उनका कहना है कि बिना पर्याप्त सूचना और समुचित सत्यापन के नाम हटाए जाने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है, जिससे पात्र मतदाता अपने संवैधानिक मतदान अधिकार से वंचित हो सकते हैं।

कांग्रेस नेता विजय केसरवानी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में चल रहे गहन मतदाता परीक्षण अभियान के दौरान कई स्थानों से अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से हटाया जाता है तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की पारदर्शी और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा जांच पूरी होने तक नाम विलोपन की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए।

प्रदर्शन में शामिल प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से यह भी आग्रह किया कि जिन अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाए, उनके विरुद्ध जवाबदेही तय की जाए।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए आश्वस्त किया कि मामले की नियमानुसार जांच कराई जाएगी और यदि कहीं त्रुटि पाई जाती है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है और आने वाले दिनों में इस पर और चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।

Related Post