कोरबा में नुकीले हथियार से किए गए गंभीर हमले की घटना को कोरबा पुलिस ने बेहद गंभीरता से लेते हुए त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की है। थाना सिविल लाइन कोरबा अंतर्गत चौकी सीएसईबी क्षेत्र में घटित इस घटना में कुछ विधि से संघर्षरत बालकों द्वारा एक युवक पर सामूहिक रूप से नुकीले वस्तु, पंच, बेल्ट और हाथ-मुक्कों से जानलेवा हमला किया गया था, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी ने तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना सिविल लाइन कोरबा, चौकी सीएसईबी और साइबर सेल की संयुक्त टीम का गठन किया गया।
संयुक्त पुलिस टीम ने तेजी से विवेचना करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर घटना में संलिप्त विधि से संघर्षरत बालकों की पहचान की। अब तक की कार्रवाई में कुल 07 विधि से संघर्षरत बालकों को चिन्हित कर तलब किया गया है, जिनके विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त नुकीला हथियार, पंच, बेल्ट सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री और मोबाइल फोन जप्त किए हैं। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 296, 351(3), 191(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि घटना में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की भी पहचान की जा रही है और उनकी तलाश तेज़ी से जारी है। जल्द ही उन्हें भी विधिसम्मत कार्रवाई के तहत पकड़ा जाएगा।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद को हिंसक रूप न दें और शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
