कोंडागांव, 17 जून 2025: विकासखंड कोंडागांव अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़ेबेंदरी के ग्रामीणों ने गांव के पारंपरिक देवी-देवता स्थल से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर मंगलवार को जिला कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने दोपहर 1:00 बजे कलेक्टोरेट पहुंचकर एक लिखित आवेदन के माध्यम से प्रशासन को अवगत कराया कि खसरा नंबर 102 में स्थित शासकीय भूमि, जो देवी स्थल के रूप में वर्षों से स्थापित है, उस पर कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह भूमि गांव की आस्था का केंद्र रही है और सामाजिक, धार्मिक कार्यों के लिए उपयोग में लाई जाती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अतिक्रमण की जानकारी प्रशासन को पहले से है, बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अतिक्रमण हटाकर उक्त स्थल को पुनः पूर्ववत स्थिति में लाया जाए, जिससे गांववासी वहां पूजा-पाठ एवं सामाजिक आयोजन सुचारु रूप से कर सकें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आगे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों ने मीडिया के माध्यम से भी प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि ग्राम की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक आस्था की रक्षा हो सके।
