लुभा गांव के माध्यमिक शाला भवन की जर्जर हालत और अधूरी प्रयोगशाला निर्माण पर ग्रामीणों ने जताई चिंता, 532 बच्चो की शिक्षा प्रभावित

कोंडागांव, 15 जुलाई 2025: कोंडागांव जिले के माकड़ी विकासखंड अंतर्गत ग्राम लुभा में स्थित माध्यमिक शाला भवन की जर्जर स्थिति और अधूरे प्रयोगशाला भवन को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने गहरी चिंता व्यक्त की है। इस संबंध में जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा गया है, जिसमें शाला की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने की मांग की गई है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछले तीन वर्षों से माध्यमिक शाला भवन जर्जर स्थिति में है, और प्रयोगशाला भवन का निर्माण कार्य भी अब तक अधूरा पड़ा हुआ है। इससे ग्राम लुभा के लगभग 532 बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। बैठने की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण शाला का संचालन दो पालियों में किया जा रहा है, जिसे ग्रामीण अनुचित मानते हैं।

 

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि दोपहर की पाली में पढ़ने वाले बच्चे विद्यालय में उचित समय तक नहीं रुक पाते, जिसके कारण वे इधर-उधर घूमते रहते हैं। इससे किसी अनहोनी की आशंका बनी रहती है।

 

जनप्रतिनिधियों का कहना है कि यदि शाला भवन की शीघ्र मरम्मत कर दी जाए और प्रयोगशाला भवन का निर्माण कार्य पूरा हो जाए, तो छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने जिला प्रशासन से इस विषय में जल्द हस्तक्षेप की अपील की है।

 

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई है कि कलेक्टर महोदय इस गंभीर विषय पर शीघ्र कार्रवाई करेंगे, जिससे बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा दोनों सुनिश्चित हो सके।

Related Post