होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत शहर में सघन चेकिंग एवं विशेष कसावट अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई सिद्धार्थ तिवारी, पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में की गई।
अभियान के दौरान असामाजिक तत्वों, गुंडागर्दी एवं अड्डेबाजी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए 33 आरोपियों को वैधानिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा गया। वहीं 94 लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्ती बरती गई। बिना नंबर प्लेट के वाहनों पर 10 चालानी कार्रवाई, तीन सवारी वाहन चलाने वाले 51 व्यक्तियों पर जुर्माना तथा शराब पीकर वाहन चलाने वाले 27 चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। रात्रि में सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी एवं शांति भंग की आशंका वाले व्यक्तियों पर भी प्रतिबंधात्मक कदम उठाए गए।
पुलिस द्वारा धारा 170 बीएनएसएस के अंतर्गत 28 प्रकरण दर्ज कर 33 आरोपियों पर कार्रवाई की गई। वहीं धारा 126 (B) एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत 83 प्रकरणों में 94 आरोपियों को पकड़ा गया। सभी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु इस प्रकार की सघन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कोरबा पुलिस की अपील
सभी नागरिक होली का पर्व शांतिपूर्वक, सुरक्षित एवं कानून के दायरे में रहकर मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
