जांजगीर चांपा
महिला कमांडो दल का गठन
ग्राम तागा थाना मुलमुला क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला कमांडो दल का विधिवत गठन किया गया। इस दल में ग्राम की सक्रिय एवं जागरूक महिलाओं को शामिल किया गया, जिन्हें कानून व्यवस्था, आपात स्थिति में प्रतिक्रिया, नशा उन्मूलन अभियान तथा सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध कार्य करने हेतु प्रेरित किया गया। महिला कमांडो को उनके कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी गईमु
नशा मुक्त ग्राम अभियान
ग्राम तागा को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के साथ ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस द्वारा नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए बताया गया कि नशा पारिवारिक, सामाजिक एवं आर्थिक समस्याओं का मुख्य कारण बनता है। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अवैध शराब, मादक पदार्थों एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन एवं विक्रय का विरोध करें तथा इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
होली त्योहार के मद्देनज़र शांति व्यवस्था
आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु महिला कमांडो एवं ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों के साथ संयुक्त रूप से ग्राम में पैदल पेट्रोलिंग की गई। पेट्रोलिंग के दौरान संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया गया तथा ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई।
ग्राम रक्षा समिति की सहभागिता
ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों को कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहयोग देने हेतु निर्देशित किया गया। समिति के सदस्यों एवं महिला कमांडो को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।
सामुदायिक संवाद एवं सहयोग
कार्यक्रम के दौरान निरीक्षक पारस पटेल थाना प्रभारी मुलमुला ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को सुना तथा त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया। पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करने एवं सुरक्षित वातावरण निर्माण के लिए सभी से सकारात्मक सहभागिता की अपील की गई।
इस प्रकार निरीक्षक पारस पटेल थाना प्रभारी मुलमुला द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत ग्राम तागा में महिला सशक्तिकरण, नशा उन्मूलन एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रभावी पहल की गई।
