मर्दापाल/ कोंडागांव, 17 फरवरी 2026 | पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपेश कुमार डॉडे, उप पुलिस अधीक्षक सतीश भार्गव (एसडीओपी मर्दापाल) के संरक्षण में थाना प्रभारी बयानार राकेश कुमार राठौर के नेतृत्व में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत थाना बयानार क्षेत्र के सुदूर अंचल ग्राम पेरमापाल में 16 व 17 फरवरी 2026 को दो दिवसीय वॉलीबॉल खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर दिनांक 17 फरवरी 2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपेश कुमार डॉडे, उप पुलिस अधीक्षक सतीश भार्गव सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं ग्राम प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में सरपंच पेरमापाल दसरू नेताम, फूल सिंह कोराम, ग्राम के माटी पुजारी तिजू राम कोर्राम, ग्राम पटेल बज्जू राम कोर्राम, गायता पट्टू राम कोर्राम, बुध राम कोर्राम, सिरहा ऊसारु राम कोर्राम सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही सरपंच रेंगागोंदी सैनू सोरी, सरपंच बयानार बजारू राम सोरी, सरपंच केजंग सनत सोरी, सरपंच मुंगवाल रामलाल सलाम, सरपंच चेरंग मनजी मरई, सरपंच नरिहा जयलाल सोरी, जनप्रतिनिधि जयलाल बघेल एवं सुंदरलाल बड़को की भी उपस्थिति रही।

ग्रामीणों की आस्था को ध्यान में रखते हुए कुलदेवी-देवताओं का विधिवत पूजा-पाठ माटी पुजारी, गायता, पेरमा पुजारी, सरपंच, मुखिया एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में संपन्न कराया गया। अतिथियों का स्वागत पारंपरिक मादरी नृत्य दल द्वारा किया गया, जिससे कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिला।

वॉलीबॉल प्रतियोगिता में पेरमापाल, मुंगवाल, चेमा, रेंगागोंदी, आदनार, केजंग, कोरोहबेडा, चेरंग, जोगी अलवाड़, तोतर, आमगांव, बयानार, मढ़नार सहित कुल 16 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार शील्ड, जर्सी एवं ₹5000, द्वितीय पुरस्कार शील्ड, जर्सी एवं ₹3000, तृतीय पुरस्कार शील्ड, जर्सी एवं ₹2000 तथा चतुर्थ पुरस्कार वॉलीबॉल, नेट एवं ₹1000 रखा गया था।

प्रतियोगिता में ग्राम आमगांव की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, ग्राम मुंगवाल ए द्वितीय, ग्राम आदनार तृतीय तथा ग्राम मुंगवाल बी की टीम चतुर्थ स्थान पर रही। इस अवसर पर ग्राम पेरमापाल की 20 महिलाओं को साड़ी वितरण कर सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर ग्रामीणों, बाहर से आए जनप्रतिनिधियों एवं सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के लिए समुचित भोजन व्यवस्था की गई। सामूहिक भोजन के पश्चात कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की गई।
