कोंडागांव, 29 जनवरी 2026 | जिला कोंडागांव पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग को सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए अतिसंवेदनशील एवं दूरस्थ वनांचल क्षेत्र ग्राम छोटे उसरी में दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता दिनांक 28 जनवरी से 29 जनवरी 2026 तक आयोजित की गई।
पुलिस अधीक्षक कोंडागांव पंकज चंद्रा (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र देव पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मर्दापाल सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीणों को साइबर जागरूकता, नए कानूनों की जानकारी, यातायात सुरक्षा, नशा मुक्ति एवं महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा खेल के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग की भावना को मजबूत करना रहा।

प्रतियोगिता में थाना मर्दापाल क्षेत्र के छोटे उसरी, मर्दापाल, हसलनार, राणापाल, नवागांव, हथकली, जोड़े़ंगा, चांगेर, मुलनार, कांगा, बादालूर, कुरूषनार, पुसपाल एवं ओड़ेगा सहित आसपास के गांवों की कुल 16 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। दो दिवसीय आयोजन के दौरान पुलिस विभाग की ओर से प्रतिभागियों एवं ग्रामीणों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला ग्राम पुसपाल एवं नवागांव के बीच खेला गया, जिसमें ग्राम पुसपाल की टीम ने प्रथम स्थान एवं ग्राम नवागांव की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कोंडागांव साइबर सेल द्वारा विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, सोशल मीडिया सतर्कता, पासवर्ड सुरक्षा, फेक न्यूज एवं डिजिटल अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई। वहीं यातायात पुलिस द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचाव, शराब पीकर वाहन न चलाने एवं सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति ग्रामीणों और युवाओं को जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने कहा कि इस प्रकार के बहुआयामी आयोजन पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम करते हैं तथा युवाओं को अपराध मुक्त, नशा मुक्त एवं सुरक्षित समाज की दिशा में प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति और महिला सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर जागरूकता फैलाना पुलिस की प्राथमिकता है और भविष्य में भी ऐसे प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने ग्रामीणों के साथ बैठकर भोजन ग्रहण कर सामुदायिक सहभागिता का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में प्रभारी साइबर सेल निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, यातायात प्रभारी निरीक्षक मुकेश जोशी, थाना प्रभारी मर्दापाल निरीक्षक राजकुमार सोरी, थाना प्रभारी पुंगारपाल निरीक्षक भोगराम ध्रुव, थाना प्रभारी बयानार निरीक्षक राकेश राठौर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सरपंच, पंच एवं बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कोंडागांव पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी खेलकूद, साइबर सुरक्षा, यातायात नियम, नशा मुक्ति एवं महिला सुरक्षा जैसे विषयों पर सामुदायिक कार्यक्रमों के माध्यम से जनजागरूकता अभियान निरंतर चलाए जाएंगे।
