कोरबा। जिले के कुदमुरा धान उपार्जन केंद्र में एक जंगली हाथी के हमले से बड़ा हादसा हो गया। हाथी ने केंद्र में रखे धान को नुकसान पहुंचाया और हमले में धान खरीदी केंद्र के प्रभारी की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार कुदमुरा धान उपार्जन केंद्र में देर रात अचानक एक हाथी पहुंच गया। हाथी वहां रखे धान को खाने लगा। इसी दौरान धान खरीदी केंद्र के प्रभारी राजेश सिंह, जो रजगामार के निवासी थे, धान की रखवाली कर रहे थे। हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हाथी मित्र दल कुदमुरा के अनुसार यह हाथी धर्मजयगढ़ वन मंडल की ओर से भटककर कुदमुरा क्षेत्र में पहुंचा था। हाथी ने मंडी में धान को नुकसान पहुंचाने के साथ जनहानि की घटना को अंजाम दिया और बाद में वापस धर्मजयगढ़ वन मंडल की ओर लौट गया।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई में जुट गया है।
