अवैध रेत खनन विवाद में पंच–सरपंच को जान से मारने की धमकी, उरगा थाने में मामला दर्ज

पहले भी की गई थी अवैध रेत उत्खनन की शिकायत, कार्रवाई नहीं होने से बढ़ा आरोपियों का मनोबल

 

कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुदुरमाल में अवैध रेत उत्खनन के विवाद को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। वार्ड क्रमांक 02 के पंच फूल सिंह गोंड की शिकायत पर उरगा थाना में अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 फरवरी 2026 को दोपहर लगभग 2:30 बजे ग्राम कुदुरमाल निवासी बृजमोहन नामदेव ने ट्रैक्टर फाइन के पैसे को लेकर पंच फूल सिंह गोंड से विवाद किया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने पंच के साथ अश्लील गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी दी।

 

बताया जा रहा है कि घटना के दौरान फूल सिंह गोंड की पत्नी श्रीमती सरोज गोंड ग्राम पंचायत कुदुरमाल की सरपंच है, और उन्हें घसीटकर मारने तथा जान से खत्म करने की धमकी दी गई। घटना के प्रत्यक्षदर्शी के रूप में मिथलेश साहू का नाम सामने आया है।

 

जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत कुदुरमाल के जनप्रतिनिधियों ने 16 जनवरी 2026 को ही अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को आवेदन देकर बृजमोहन नामदेव एवं फूलसिंह कंवर द्वारा किए जा रहे अवैध रेत उत्खनन की शिकायत की थी। आवेदन में आरोप लगाया गया था कि पिछले दो माह से अवैध रेत खनन किया जा रहा है और ट्रैक्टर चालकों से प्रति ट्रिप 200 रुपये की अवैध वसूली की जा रही है। साथ ही मना करने पर गाली-गलौच और विवाद की स्थिति उत्पन्न की जा रही थी।

 

पंचायत प्रतिनिधियों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद जिला प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे आरोपियों का मनोबल बढ़ गया। बताया जा रहा है कि इसी मुद्दे को लेकर 26 फरवरी को सरपंच प्रतिनिधि और आरोपी के बीच विवाद हुआ, जिसमें पंच और सरपंच को जान से मारने की धमकी दी गई। घटना से जुड़ा एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की चर्चा है।

 

पंच फूल सिंह गोंड की शिकायत पर उरगा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

इधर जिला प्रशासन द्वारा अवैध रेत परिवहन रोकने के लिए लगातार प्रयास किए जाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन कुदुरमाल जैसे मामलों से जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध रेत खनन पर रोक नहीं लगाई गई तो भविष्य में बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।

Related Post