रायगढ़ में पीटा एक्ट की तीसरी बड़ी कार्रवाई, देह व्यापार का भंडाफोड़

शहर में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सप्ताह भर के भीतर पीटा एक्ट के तहत तीसरी प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना चक्रधरनगर पुलिस ने बोईरदादर क्षेत्र में संचालित देह व्यापार के एक अड्डे का पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं उप पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में की गई।

पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि बोईरदादर निवासी नारायण वैष्णव द्वारा बाहर से महिलाओं को बुलाकर अपने मकान में अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए सीएसपी के निर्देशन में एक पुलिस प्वाइंटर को ग्राहक बनाकर भेजा गया। जैसे ही तय संकेत मिला, चक्रधरनगर पुलिस, साइबर थाना एवं महिला थाना की संयुक्त टीम ने त्वरित घेराबंदी करते हुए मौके पर रेड कार्रवाई की।

रेड के दौरान मकान के भीतर आरोपी नारायण वैष्णव एवं एक संदिग्ध महिला मौजूद मिले। पूछताछ और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी पैसों का लालच देकर महिलाओं को बुलाता था और स्वयं दलाली करते हुए पूरे अवैध धंधे का संचालन करता था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से ₹2,000 नगद, 02 मोबाइल फोन एवं आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है।

मामले में थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 39/2026 के तहत धारा 3, 4, 5 एवं 7 अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम में प्रकरण दर्ज कर आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि रायगढ़ शहर में अनैतिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Post