जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के तहत कोरबा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। सूने मकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने मां–बेटे को गिरफ्तार किया है और चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी बाजार कीमत 11 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में जिले के थाना एवं पुलिस सहायता केंद्रों द्वारा लगातार अपराध नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस सहायता केंद्र मानीकपुर / थाना कोतवाली कोरबा की टीम ने सूने मकान में हुई चोरी की घटना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का सफल खुलासा किया।
घटना का विवरण
दिनांक 06 फरवरी 2026 को प्रार्थी ने चौकी मानीकपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह परिवार सहित रायपुर गया हुआ था। 07 फरवरी की रात्रि वापस लौटने पर उसने देखा कि घर के बाहर और अंदर के ताले टूटे हुए हैं तथा घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नगदी एवं अन्य कीमती सामान चोरी हो चुके हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी गई संपत्ति की कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई थी।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और संदेह के आधार पर जब आरोपियों से पूछताछ की गई, तो उन्होंने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया।
फाइनेंस कंपनी से बरामद हुए जेवर
विवेचना के दौरान यह सामने आया कि आरोपियों ने चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण “मधुर फाइनेंस” में गिरवी रख दिए थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए फाइनेंस संस्था से समन्वय कर विधिवत कार्रवाई करते हुए सभी आभूषण बरामद कर लिए। बरामद जेवरात का वर्तमान बाजार मूल्य लगभग ₹11,11,000/- आंका गया है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने इस मामले में
संजय वैष्णव उर्फ गोलू (31 वर्ष)
लव कुमारी वैष्णव (50 वर्ष)
निवासी निहारिका साडा कॉलोनी, कोरबा को गिरफ्तार किया है।
कानूनी कार्रवाई
दोनों आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 331(4), 305(1), 317(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी संजय वैष्णव उर्फ गोलू के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, नकबजनी एवं अन्य गंभीर अपराधों के मामले दर्ज रहे हैं।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संपत्ति संबंधी अपराधों में लिप्त अपराधियों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था बनी रहे और नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे।
