डीजे की धुन पर भड़की बारात की ‘बैटल’! चौथिया कार्यक्रम बना अखाड़ा, जमकर चले हाथ-पैर और टूटी गाड़ियां

कोरबा के दर्री थाना क्षेत्र स्थित मंगल भवन में खुशियों का माहौल देखते ही देखते रणभूमि में बदल गया। शादी के बाद आयोजित चौथिया कार्यक्रम में डीजे की तेज धुन पर शुरू हुआ डांस कुछ ही मिनटों में धक्का-मुक्की और फिर जबरदस्त मारपीट में तब्दील हो गया।

 

बताया जा रहा है कि दर्री निवासी युवक की शादी बिलासपुर में हुई थी। शादी के अगले दिन लड़के पक्ष ने दर्री के मंगल भवन में पार्टी रखी थी, जिसमें बिलासपुर से दुल्हन पक्ष के कई मेहमान शामिल होने पहुंचे थे।

 

डीजे फ्लोर पर शुरू हुआ विवाद

डीजे पर डांस के दौरान धक्का लगने की बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। माहौल इतना गरमा गया कि लोग कार्यक्रम स्थल के बाहर निकल आए और फिर शुरू हो गई घूंसे-लातों की बरसात।

 

गाड़ियों पर भी उतरा गुस्सा

हंगामे के बीच चारपहिया वाहनों और बाइकों में भी तोड़फोड़ की गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। महिलाओं और बच्चों में दहशत का माहौल बन गया।

 

सूचना मिलते ही 112 और दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखते ही मारपीट करने वाले युवक फरार हो गए। घटना में बिलासपुर से आए एक युवक सुगंभी छोटे के सिर और हाथ में गंभीर चोट आई, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

 

दर्री थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

 

खुशियों का चौथिया कार्यक्रम इस तरह बवाल में बदल जाएगा, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।

Related Post