राजनांदगांव। नारी शक्ति ग्राम संगठन द्वारा आयोजित वार्षिक अधिवेशन एवं आमसभा कार्यक्रम उत्साह, उमंग और प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत राजनांदगांव अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव शामिल हुईं। उनके आगमन पर संगठन की महिलाओं एवं ग्रामवासियों ने आत्मीय स्वागत किया।

मुख्य अतिथि श्रीमती वैष्णव ने अपने उद्बोधन में कहा कि ग्राम की माताओं-बहनों की एकजुटता, आत्मविश्वास और समाज के विकास के प्रति उनका समर्पण वास्तव में प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। जब महिलाएं संगठित होकर आगे बढ़ती हैं तो गांव, समाज और देश के विकास को नई दिशा मिलती है। उन्होंने महिलाओं को स्वरोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता और आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर प्रयास करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत छुरिया अध्यक्ष संजय सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा कि नारी शक्ति ग्राम संगठन महिलाओं के सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम है। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है। उन्होंने सभी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनकर परिवार और गांव के विकास में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत छुरिया सभापति उत्तरा निषाद ने भी महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं की जागरूकता और संगठन की शक्ति से समाज मजबूत होता है तथा आने वाली पीढ़ियों का भविष्य उज्ज्वल बनता है।

कार्यक्रम के दौरान संगठन की महिलाओं ने अपनी गतिविधियों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला। पूरे आयोजन में महिलाओं का उत्साह, आत्मविश्वास और सामूहिक ऊर्जा विशेष रूप से देखने को मिली, जिसने कार्यक्रम को प्रेरणादायी बना दिया।
अंत में अतिथियों ने सभी बहनों के उज्ज्वल भविष्य, आत्मनिर्भरता और निरंतर प्रगति की कामना करते हुए सफल आयोजन के लिए संगठन को बधाई दी। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।
