रायगढ़ को आधुनिक व सुव्यवस्थित शहर बनाने का लक्ष्य: वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी 1.85 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का हुआ शिलान्यास

 

रायगढ़। रायगढ़ को एक सुव्यवस्थित, आधुनिक एवं नागरिक सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित करने के लिए ठोस योजना के साथ निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यह बात वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने शहर के विभिन्न वार्डों में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने बताया कि योजनाबद्ध तरीके से बड़े प्रोजेक्ट्स को धरातल पर उतारकर आम नागरिकों के जीवन स्तर में वास्तविक सुधार लाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी क्रम में आज शहर के विभिन्न वार्डों में कुल 1 करोड़ 85 लाख 67 हजार रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया।

छेरछेरा पर्व की दी शुभकामनाएं

कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री श्री चौधरी ने जिलेवासियों को छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध त्यौहार छेरछेरा पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

शहर में गार्डन, ऑक्सीजोन और ओपन जिम का विस्तार

वित्त मंत्री ने कहा कि पहले रायगढ़ में केवल एक बड़ा गार्डन था, लेकिन आगामी 5 वर्षों में 10 बड़े गार्डनों की श्रृंखला विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। शहर के हृदय स्थल इतवारी बाजार में 10 करोड़ रुपए की लागत से अत्याधुनिक ऑक्सीजोन का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। किसान राइस मिल के पास 13 करोड़, राजीव नगर में दुग्ध डेयरी के पास 4 करोड़ रुपए की लागत से गार्डन निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। इसके अलावा कोसाबाड़ी बस डिपो, कयाघाट एवं खर्रा घाट में भी बड़े गार्डन विकसित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि शहरवासियों के स्वास्थ्य और जीवनशैली को बेहतर बनाने के लिए लगभग 20 स्थानों पर ओपन जिम भी विकसित किए जाएंगे।

400 करोड़ की रिंग रोड परियोजना से यातायात होगा सुगम

शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 400 करोड़ रुपए की लागत से रिंग रोड परियोजना पर कार्य प्रारंभ हो चुका है। साथ ही कोतरा रोड थाना चौक से ढिमरापुर, मेडिकल कॉलेज रोड, महापल्ली मार्ग तथा ढिमरापुर से जिंदल की ओर फोरलेन सड़कों का निर्माण किया जा रहा है।

चांदनी चौक, राजमहल चौक, इंदिरा नगर, कयाघाट एवं मेडिकल कॉलेज चौक जैसे प्रमुख स्थलों का एक साथ विकास कार्य प्रारंभ किया जाएगा, जिससे शहर का स्वरूप बदलेगा और यातायात व्यवस्था सुचारु होगी।

वार्ड स्तर पर भी विकास को प्राथमिकता

वित्त मंत्री ने कहा कि बड़े प्रोजेक्ट्स के साथ-साथ वार्ड स्तर पर भी छोटे-छोटे विकास कार्य स्वीकृत किए जा रहे हैं, ताकि विकास का लाभ शहर के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे और रायगढ़ का समग्र विकास सुनिश्चित हो।

पंजरी प्लांट क्षेत्र में बनेगा सामुदायिक भवन

पंजरी प्लांट क्षेत्र में सामुदायिक भवन के अभाव को देखते हुए लगभग 25 लाख रुपए की लागत से एक सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा। इससे सामाजिक आयोजनों, आजीविका गतिविधियों एवं छोटे कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

इसके साथ ही क्षेत्र के प्राचीन शिव मंदिर के जीर्णोद्धार हेतु 1.5 लाख रुपए की राशि स्वेच्छानुदान से स्वीकृत की गई है।

महापौर ने भी विकास कार्यों की सराहना की

महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि शहर में बड़े विकास कार्यों के साथ-साथ आमजन से जुड़े छोटे-छोटे कार्यों को भी प्राथमिकता के साथ स्वीकृत किया जा रहा है, जिससे सुनियोजित विकास को गति मिल रही है।

युवाओं के भविष्य के लिए 40 करोड़ का नालंदा परिसर

वित्त मंत्री ने बताया कि युवाओं को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने के लिए 40 करोड़ रुपए की लागत से नालंदा परिसर का निर्माण अंतिम चरण में है। यह परिसर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

इसके अलावा फिजियोथेरेपी कॉलेज, प्रयास विद्यालय, कला एवं संगीत महाविद्यालय तथा हार्टीकल्चर कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है।

गड़उमरिया में बालिकाओं के लिए स्थापित ‘नव गुरुकुल’ में दो वर्षों का पूर्णतः निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण उपरांत बालिकाएं 40 हजार रुपए से अधिक की आय अर्जित करने में सक्षम होंगी।

इन विकास कार्यों का हुआ शिलान्यास

आज विभिन्न वार्डों में सी.सी. सड़क, आर.सी.सी. नाली, सामुदायिक भवन एवं शेड निर्माण सहित अनेक विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। इनमें वार्ड क्रमांक 01, 02, 03, 04, 12, 13, 14, 15, 17, 25, 26 एवं 27 के अंतर्गत सड़क एवं नाली निर्माण, सामुदायिक भवन तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं, जिन पर कुल 1 करोड़ 85 लाख 67 हजार रुपए की लागत आएगी।

Related Post