संविलियन पूर्व सेवा गणना की मांग को लेकर शिक्षकों ने सौंपा ज्ञापन मुख्यमंत्री, वित्त व शिक्षा मंत्री के नाम भेजा गया मांगपत्र

' 07 फरवरी को कोण्डागांव में होगी जिला स्तरीय बैठक

 

कोण्डागांव, 2 फरवरी 2026 | छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन जिला कोण्डागांव के नेतृत्व में जिले के सभी विकासखंडों में संविलियन पूर्व सेवा गणना सहित विभिन्न लंबित मांगों को लेकर सोमवार को ज्ञापन सौंपा गया। जिलाध्यक्ष ऋषिदेव सिंह के नेतृत्व में प्रांतीय निर्देशानुसार यह ज्ञापन छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर के निर्णय के अनुपालन की मांग को लेकर दिया गया।

ज्ञापन जिला मुख्यालय कोण्डागांव में जिला कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा गया। वहीं विकासखंड फरसगांव एवं केशकाल में अनुविभागीय अधिकारी एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से तथा बड़ेराजपुर व माकड़ी में तहसीलदार एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी के जरिए माननीय मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री, शिक्षा मंत्री, मुख्य सचिव, शिक्षा सचिव एवं संचालक लोक शिक्षण संचालनालय के नाम मांगपत्र प्रेषित किया गया। यह ज्ञापन दिनांक 02 फरवरी 2026, सोमवार को संध्या 4:30 बजे सौंपा गया।

संघ द्वारा प्रमुख रूप से शिक्षक (एलबी) संवर्ग के लिए प्रथम नियुक्ति तिथि से पूर्व सेवा की गणना करते हुए पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने, 20 वर्ष की सेवा पर पूर्ण पेंशन, पूर्व सेवा के आधार पर क्रमोन्नति, टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने तथा वीएसके ऐप के स्थान पर बायोमेट्रिक मशीन से उपस्थिति दर्ज कराने जैसी मांगें रखी गईं।

प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं—

पेंशन निर्धारण हेतु 33 वर्ष के स्थान पर 20 वर्ष अर्हकारी सेवा पर 50 प्रतिशत पेंशन का प्रावधान किया जाए।

न्यूनतम 10 वर्ष की सेवा शर्त के कारण अनेक शिक्षक बिना पेंशन सेवानिवृत्त हो रहे हैं, अतः 5 वर्ष की सेवा पर पेंशन का प्रावधान किया जाए।

पदोन्नति एवं क्रमोन्नति से वंचित लगभग 30 हजार सहायक शिक्षकों को वन-टाइम रिलेक्सेशन देते हुए 5 वर्ष में क्रमोन्नति का लाभ दिया जाए।

17 अगस्त 2012 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता समाप्त की जाए तथा 1 सितम्बर 2025 के सुप्रीम कोर्ट के निर्णय पर पुनर्विचार याचिका दायर कर विभागीय सीमित परीक्षा आयोजित की जाए।

केवल डीएड अथवा समकक्ष योग्यता वाले सहायक शिक्षकों हेतु 6 माह का बीएड ब्रिज कोर्स शीघ्र प्रारंभ किया जाए।

स्कूलों में वीएसके मोबाइल ऐप के स्थान पर बायोमेट्रिक (पंच) मशीन से उपस्थिति दर्ज की जाए।

छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने प्रांतीय कार्यक्रम के तहत आगामी रणनीति तय करने के लिए 07 फरवरी 2026 को जिला स्तरीय बैठक कोण्डागांव में आयोजित करने की घोषणा की है।

इस अवसर पर प्रांतीय पदाधिकारी चन्द्रकांत ठाकुर, नीलम श्रीवास्तव, जिला महिला प्रकोष्ठ प्रभारी दंतेश्वरी नायडू, जिला सचिव संजय राठौर, विकासखंड अध्यक्ष मन्नाराम नेताम, रमेश प्रधान, डूमनराम मरकाम, रामसिंह मरावी, सुकुराम नेताम सहित बड़ी संख्या में प्रांतीय, जिला एवं विकासखंड पदाधिकारी व शिक्षक उपस्थित रहे।

Related Post