कोंडागांव, 25 जनवरी 2026 | कालीबाड़ी डीएनके कॉलोनी, कोंडागांव में कालीबाड़ी समिति के नवनियुक्त पदाधिकारियों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. राजाराम त्रिपाठी, विशिष्ट अतिथि डॉ. सिद्धार्थ चौधरी तथा पार्षद मनीष श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं ईश वंदना के साथ हुई। इसके बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की औपचारिक घोषणा की गई, जिनमें अध्यक्ष प्रह्लाद शील, उपाध्यक्ष रामकृष्ण साहा, सचिव बादल कर्मकार एवं कोषाध्यक्ष आशीष साहा शामिल हैं। मुख्य अतिथि द्वारा सभी पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

अपने संबोधन में अध्यक्ष प्रह्लाद शील ने समिति के प्रति विश्वास जताने के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कालीबाड़ी के विकास, मातृशक्ति की सेवा एवं सामाजिक समरसता को प्राथमिकता देने की बात कही। कार्यक्रम के अंत में सचिव बादल कर्मकार ने अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
