रेलवे नियमों के पालन को सुनिश्चित करने और बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने के उद्देश्य से बिलासपुर स्टेशन में 25 फरवरी 2026 को व्यापक औचक टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा मंडल वाणिज्य प्रबंधक एस. भारतीयन के नेतृत्व में चले इस अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक एवं टीटीई स्टाफ की टीम शामिल रही।
अभियान के दौरान बिलासपुर स्टेशन सहित बिलासपुर-चांपा सेक्शन के बीच संचालित 17 ट्रेनों में सघन जांच की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 372 मामलों में 2 लाख 19 हजार 830 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
विस्तृत आंकड़ों के अनुसार बिना टिकट यात्रा के 303 मामलों से 1,90,625 रुपये, अनियमित टिकट के 59 मामलों से 28,205 रुपये तथा बिना बुक किए गए सामान के 10 मामलों से 1,000 रुपये बतौर जुर्माना वसूला गया।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें तथा स्टेशन परिसर में प्रवेश से पूर्व प्लेटफॉर्म टिकट अवश्य खरीदें। एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए फुटओवर ब्रिज का उपयोग करें और रेलवे संपत्ति को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।
