बांकीमोंगरा नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सोनी विकास झा ने शनिवार को क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पुरेना एवं मढ़वाढोड़ा मार्ग पर जारी डामरीकरण (सड़क निर्माण) कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता के संबंध में सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने मौके पर मौजूद ठेकेदार से सड़क की मोटाई, डामर मिश्रण की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही होना चाहिए और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अध्यक्ष श्रीमती झा ने बताया कि पुरेना और मढ़वाढोड़ा मार्ग क्षेत्र का प्रमुख और व्यस्त मार्ग है। सड़क निर्माण पूर्ण होने से स्थानीय निवासियों को धूल, गड्ढों और जर्जर मार्ग की समस्या से राहत मिलेगी तथा आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा। उन्होंने ठेकेदार को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए, ताकि नागरिकों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि नगर का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और बांकीमोंगरा के प्रत्येक वार्ड एवं मार्ग को बेहतर बनाना लक्ष्य है। निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान भाजपा युवा मोर्चा छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास झा, मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा, पार्षद व पीआईसी सदस्य प्रमोद सोना, प्रकाश झा, नकुल पटेल, देव राजपूत तथा अनूपम दास सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
