राजनांदगांव में ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिलिंग’ का सफल आयोजन

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, राजनांदगांव द्वारा “फिट इंडिया संडे ऑन साइकिलिंग” कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। यह आयोजन मंडल सुरक्षा आयुक्त दीप चंद्र आर्य के निर्देशन में तथा निरीक्षक प्रभारी तरुणा साहू के नेतृत्व में प्रातः 7:30 बजे दिग्विजय स्टेडियम, बी-ब्लॉक, राजनांदगांव में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी-कर्मचारी, कर्मचारी राज्य बीमा निगम राजनांदगांव के अधिकारी एवं कर्मचारी, स्टेशन मास्टर बर्मन, सीटीआई रेखा पदम जीबी, कोच, वार्डन, बास्केटबॉल के बालक खिलाड़ी तथा भारतीय खेल प्राधिकरण अकादमी के खिलाड़ियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम का उद्देश्य रेलवे सुरक्षा बल के जवानों, युवाओं और आम नागरिकों में शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नियमित व्यायाम और साइकिलिंग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना रहा। प्रतिभागियों ने साइकिल चलाकर “स्वस्थ भारत” का संदेश दिया और फिटनेस के प्रति संकल्प दोहराया।

आयोजन के समापन पर प्रतिभागियों को स्वास्थ्यवर्धक फल एवं जूस वितरित किए गए। पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण, अनुशासित और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ, जिसने समाज में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित किया।

Related Post