भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) के ट्रांसजेंडर कर्मचारियों ने राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान के साथ-साथ छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद कोटा स्टेडियम में आयोजित हुई, जिसमें आठ राज्यों से 300 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का आयोजन ट्रांसजेंडर समुदाय के सशक्तिकरण के लिए कार्यरत संस्था मिथवा संकल्प समिति द्वारा किया गया था। इस आयोजन को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय एवं राज्य समाज कल्याण विभाग का सहयोग प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को देश की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तथा केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार से मुलाकात करने का अवसर मिला, जो उनके लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण रहा।
बालको में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत आएशा ने 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि खेल उनके लिए केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और पहचान को मजबूत करने का जरिया है। वहीं कुलेश्वर ने 100 मीटर दौड़ में दूसरा रनर-अप स्थान हासिल किया। उन्होंने बताया कि बालको द्वारा नियमित रूप से आयोजित की जाने वाली खेल गतिविधियाँ कर्मचारियों को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा निखारने का मंच प्रदान करती हैं।
इसी क्रम में अलका नागरवाड़े ने 800 मीटर दौड़ में तृतीय स्थान अर्जित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच आत्मसम्मान और आत्मविश्वास को नई ऊंचाई देते हैं तथा चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित करते हैं।
बालको द्वारा आयोजित ‘बालको प्रीमियर लीग’, बैडमिंटन टूर्नामेंट, वॉलीबॉल लीग सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएँ कर्मचारियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देती हैं। यह उपलब्धि दर्शाती है कि बालको केवल औद्योगिक प्रगति तक सीमित नहीं, बल्कि समावेशी कार्यसंस्कृति और सामाजिक सशक्तिकरण को भी समान महत्व देता है।
राष्ट्रीय मंच पर ट्रांसजेंडर कर्मचारियों की यह सफलता केवल खेल उपलब्धि नहीं, बल्कि समान अवसर, सम्मान और सहभागिता की सशक्त मिसाल है।
