कोरबा में गैस वितरण पर सख्ती: कलेक्टर-एसपी के निर्देश, CCTV व OTP अनिवार्य

Anp News कोरबा, 12 अप्रैल 2026। जिले में रसोई गैस की सुचारू आपूर्ति और पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की अध्यक्षता में गैस एजेंसियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवैध भंडारण, ब्लैक मार्केटिंग और अधिक कीमत पर बिक्री को रोकने के लिए सख्त निर्देश दिए गए।

 

पारदर्शी वितरण पर प्रशासन का फोकस

 

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की उपलब्धता बिना किसी परेशानी के सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

सभी एजेंसियों में CCTV अनिवार्य

 

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी गैस एजेंसियों में CCTV कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया है। साथ ही एजेंसी परिसर के बाहर की निगरानी के लिए बाहरी कैमरा लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। चौकीदार की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

 

बैनर पर जरूरी नंबर प्रदर्शित करने के निर्देश

 

एजेंसियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने परिसर में तहसीलदार, थाना प्रभारी और जिला कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित करें, ताकि आपात स्थिति में तुरंत संपर्क किया जा सके।

 

फर्स्ट कम-फर्स्ट सर्व और OTP से ही वितरण

 

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडर का वितरण बुकिंग डेट के आधार पर “फर्स्ट कम-फर्स्ट सर्व” पद्धति से ही किया जाएगा। साथ ही OTP ऑथेंटिकेशन के बिना किसी भी स्थिति में सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की जाएगी।

इसके अलावा 25 दिनों के भीतर दोबारा सिलेंडर जारी करने पर भी रोक लगाई गई है।

 

ब्लैक मार्केटिंग पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

 

कलेक्टर ने कहा कि अवैध भंडारण, कालाबाजारी या निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी एजेंसियों को पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने और प्रतिदिन इसकी जानकारी खाद्य विभाग को देने के निर्देश दिए गए हैं।

 

कंट्रोल रूम नंबर जारी

 

खाद्य आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। आम नागरिक 9691901259 नंबर पर संपर्क कर अपनी शिकायत या सुझाव दर्ज करा सकते हैं।

 

बैठक में अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, जिला खाद्य अधिकारी जी.एस. कंवर तथा इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत गैस एजेंसियों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Post